Focus On Speeding Up Phase 1 Work After Phase 2 Tender Gurgaon Metro Project Accelerates
दूसरे चरण के टेंडर के बाद अब पहले फेज का काम तेज़ करने पर फोकस
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
ओल्ड गुड़गांव मेट्रो प्रॉजेक्ट के दूसरे फेज का टेंडर जारी होने के बाद अब पहले फेज के काम को रफ्तार देने पर फोकस किया जा रहा है। गुड़गांव मेट्रो रेल लिमिटेड ( GMRL ) की ओर से पहले फेज के रूट में आ रही अलग-अलग बाधाओं को दूर करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इनमें पेड़, CCTV कैमरे, ट्रैफिक सिग्नल और अन्य सुविधाएं शामिल हैं। इन बाधाओं को समय पर हटाने के बाद मेट्रो के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में आसानी होगी।पहले फेज में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो लाइन का निर्माण का काम चल रहा है। अभी तक लगभग 35 फीसदी सिविल कंस्ट्रक्शन का काम जमीनी स्तर पर हुआ है। मेट्रो प्रॉजेक्ट पर काम करने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वर्ष 2029 की टाइमलाइन को मेंटेन करना है तो काम की गति को और तेज करने की जरूरत है। वहीं मेट्रो रूट की जो भी बाधाएं अभी तक दूर नहीं हो सकी हैं उन्हें जल्द से जल्द उन पर काम करने की जरूरत है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ तालमेल की प्रक्रिया को और तेज किया जा रहा है। मिलेनियम सिटी सेंटर से सुभाष चौक के बीच रूट में आने वाले पेड़ों को हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
विभागों के बीच तालमेल बनाने के निर्देश : मेट्रो कंस्ट्रक्शन के काम को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए रूट में आने वाले स्ट्रक्चर को हटाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच तालमेल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। बसई स्थित एफओबी को हटाने को लेकर जीएमआरएल का जीएमडीए के बीच तालमेल नहीं बन पा रहा है। इस मामले में जल्द से जल्द निर्णय लेने को लेकर भी बातचीत जारी है। मिलेनियम सिटी सेंटर से साइबर हब के बीच यू-गर्डर और पियर कैप स्थापित करने का काम तेजी से जारी है।