चार वर्षों में ढाई गुना बढ़े डॉग बाइट के मामले

नवभारतटाइम्स.कॉम•
dog bite cases in gurgaon increased 25 times figures reached 19777 from 7754 in 4 years
n NBT न्यूज, गुड़गांव

साइबर सिटी में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। पार्क में खेलते बच्चे हों या सुबह सैर पर निकले बुजुर्ग, सड़कों व सोसायटियों में आवारा कुत्ते इन पर आए दिन हमला कर रहे हैं। बीते 4 वर्षों के आंकड़े बताते हैं कि शहर में कुत्ते के काटने (डॉग बाइट) के मामलों में लगभग ढाई गुना तक वृद्धि हुई है।
सरकारी अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में जहां डॉग बाइट के 7,754 मामले दर्ज किए गए थे, वहीं 2023 में यह संख्या 9,241, वर्ष 2024 में 15,373 और वर्ष 2025 तक बढ़कर 19,777 तक पहुंच गई। यानी बीते तीन वर्षों में इन मामलों में करीब 155 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इस वर्ष भी जनवरी से जुलाई तक 13 हजार से अधिक लोग कुत्ते के काटने के बाद जिला नागरिक अस्पताल पहुंचे हैं।

एंटी रेबीज वैक्सीन के शेड्यूल से अस्पतालों पर दबाव: रेबीज के खतरे से बचने के लिए मरीजों को कुल 5 डोज तय अंतराल (तुरंत, तीसरे, सातवें, 14वें और 28वें दिन) पर लगवानी पड़ती है। गंभीर मामलों में सीधे घाव पर 'रेबीज इम्यूनोग्लोबुलिन' का इंजेक्शन भी दिया जाता है। इस लगातार इलाज के कारण जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी पर भारी दबाव रहता है। बीते सात महीनों में कुल 23,374 डोज दी जा चुकी हैं। ओपीडी के साथ अब इमरजेंसी में भी एंटी रेबीज वैक्सीन लगवा सकते हैं।