Narad Munis Ego Broken By Vishnus Maya Divine Episode Shown In Jagriti Ramlila
चला विष्णु की माया का ‘चक्र’, टूटा नारद मुनि का अहंकार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
मंच पर जैसे ही नारद मुनि का अभिमान टूटा और भगवान विष्णु की माया का चक्र चला, तो जागृति रामलीला के पंडाल में बैठा हर एक दर्शक उस दिव्य प्रसंग का जीवंत गवाह बन गया।शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर एनआईटी स्थित जागृति रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित मंचन के पहले दिन जब नारद लीला के अमर प्रसंगों को कलाकारों ने जीवंत किया, तो जय श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
रामलीला कमेटी के सदस्य योगेश भाटिया ने बताया कि पहले दिन के मंचन में श्रीमुनि नारद के किरदार में कमल कपूर, भगवान विष्णु के रूप में अनिल गांधी, माता लक्ष्मी की भूमिका में सलोनी, इंद्र के रूप में जनक सिंह और ब्रह्मा के किरदार में ग्रंथ भाटिया ने अपनी दमदार अदाकारी से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामलीला मंचन का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। मंचन को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस अवसर पर सरदार मोहनसिंह भाटिया व सरदार प्रीतम सिंह भाटिया ने मंत्री कृष्णपाल गुर्जर को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक धनेश अदलखा, अजयनाथ, पार्षद सुमन बाला, पार्षद हरिकृष्ण गिरोठी और पार्षद जसवंत सिंह समेत कई लोग उपस्थित रहे।