New Phc To Be Built In Jasana Health Services Will Be Strengthened No Need To Go Far For Treatment
इलाज को दूर नहीं जाना पड़ेगा, जसाना में बनेगा नया PHC
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
जसाना और आसपास के गांवों के लोगों को सामान्य बीमारी के इलाज के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग ने जसाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बनाने की योजना तैयार की है। इसके लिए प्रस्ताव स्वास्थ्य निदेशालय को भेज दिया गया है। निदेशालय से मंजूरी मिलने के बाद निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। बजट स्वीकृत होने पर पीएचसी का निर्माण शुरू किया जाएगा।गांवों से स्वास्थ्य केंद्र की दूरी अधिक होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को आने-जाने में परेशानी होती है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए दूर जाकर उपचार कराना मुश्किल होता है। पीएचसी बनने से ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के इलाज और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं गांव के नजदीक ही मिल सकेंगी।
पीएचसी शुरू होने के बाद यहां चिकित्सक की तैनाती की योजना है। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और उपचार स्थानीय स्तर पर हो सकेगा। इसके अलावा मरीजों को जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ रक्त जांच समेत अन्य सामान्य जांच की सुविधा भी देने की योजना है। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के तहत टीबी और एचआईवी से संबंधित दवाइयां भी केंद्र पर उपलब्ध कराई जा सकती हैं। इससे ग्रामीणों को छोटी बीमारियों और सामान्य स्वास्थ्य जांच के लिए निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण के लिए अनुमानित लागत तैयार की जाएगी। बजट स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।