साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुड़गांव पुलिस ने जनवरी से सितंबर तक 1,709 आरोपियों को गिरफ्तार किया। 33,376 शिकायतें मिलीं, इनमें 166.47 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी दर्ज की गई। पुलिस ने ठगी की रकम में से 44.16 करोड़ रुपये होल्ड कराए, जबकि 29 करोड़ रुपये से अधिक पीड़ितों को वापस दिलाए। साइबर अपराध के 1,017 मामले दर्ज किए गए और 530 को सुलझाने का दावा किया गया। इसी बीच, बैंकिंग एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (API) के कथित दुरुपयोग से नॉन-बैंकिंग फाइनेंशल कंपनियों (NBFC) और अन्य वित्तीय संस्थानों को निशाना बनाने के तीन मामले आए। इनमें करीब 12 करोड़ रुपये का नुकसान होने की जानकारी है। एसीपी साइबर क्राइम गौरव फौगाट ने इस संबंध में 17 बैंकों के नोडल और आईटी अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में बैंकिंग API, डिजिटल प्रणालियों और प्रमाणीकरण व्यवस्था की सुरक्षा की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। बैंकों से अनधिकृत API हिट, असामान्य डिजिटल गतिविधियों और संदिग्ध लेन-देन की निगरानी मजबूत करने, शिकायतों पर कार्रवाई करने को कहा गया। रकम का पता लगाने, उसे होल्ड या रिकवर कराने के लिए बैंकों, NBFC और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया गया।