Laborer Beaten To Death For Refusing To Give Beedi Two Minors Arrested
बीड़ी देने से मना करने पर की थी मजदूर की हत्या, दो नाबालिग पकड़े
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
निहाल कॉलोनी में गुरुवार सुबह मजदूर की पीट-पीट कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है। आरोप है कि दोनों नाबालिगों ने पहले मजदूर बीड़ी मांगी। मना करने पर कहासुनी और गाली-गलौज हुई तो दोनों ने डंडे से उस पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से मजदूर की मौत हो गई। बजघेड़ा थाना पुलिस ने हत्या के मामले में दोनों नाबालिगों को शुक्रवार को काबू कर लिया। पुलिस के अनुसार, टीकमगढ़, मध्य प्रदेश के प्यारेलाल गुड़गांव के सूरत नगर में रहते थे और मजदूरी करते थे। उनकी बहन ने शिकायत दी कि निहाल कॉलोनी में दो युवकों ने प्यारेलाल के साथ झगड़ा और मारपीट की थी, इससे उसकी जान चली गई। शिकायत के आधार पर बजघेड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि दोनों नाबालिगों ने प्यारेलाल से बीड़ी मांगी थी। उसने बीड़ी देने से इनकार कर दिया तो उनके बीच कहासुनी हो गई। गाली-गलौज बढ़ने पर आरोपियों ने डंडे से प्यारेलाल के साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौत हो गई।