Angry Striking Sanitation Workers Threw Garbage At The Intersection Warned The Government
हड़ताली कर्मचारियों ने चौराहे पर फेंका कूड़ा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, फरीदाबाद
हरियाणा सरकार ने हड़ताली सफाई कर्मचारियों को शनिवार तक ड्यूटी पर लौटने का अल्टीमेटम दिया है और आदेश न मानने पर एस्मा के तहत सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है लेकिन सरकार की इस चेतावनी के बाद भी हड़ताली सफाई कर्मचारियों का गुस्सा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि बंसीलाल के राज में भी ऐसी चेतावनी दी गई थी, लेकिन सरकार को कर्मचारियों की मांगों को मानना पड़ा था। कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप शहर में जगह-जगह कूड़ा फेंक दिया। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।दरअसल, नगर निगम सफाई कर्मचारियों की 22 सूत्रीय मांगों में से मई में 17 मांगों को मान लिया गया था, लेकिन उनकी मांगों को अमलीजामा नहीं पहनाया गया। अब शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने विधानसभा में 17 में से 14 मांगों को सैंद्धातिक मंजूरी देने की बात कही है। सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान बलबीर बालगुहेर ने मंत्री की इस बात को निराधार बताया है। उन्होंने आराेप लगाते हुए कहा कि शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने विधान सभा में झूठ बोला है।
उनका कहना है कि अगर उनकी मांगों को मान लिया गया है तो सरकार ने अब तक लेटर जारी क्यों नहीं किया। उन्होंने साफ कहा कि वह सरकार के इस अल्टीमेटम से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मांगें मान ली हैं ताे आधिकारिक तौर पर लेटर जारी करें, वह आज हड़ताल खत्म करने को तैयार हैं। कर्मचारियों में सरकार को लेकर बहुत गुस्सा है। 11 कर्मचारियों ने रोष स्वरूप मुंडन कराया है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार को कर्मचारियों के हित की बात करनी चाहिए, क्योंकि इन कर्मचारियों की वजह से ही शहर सुंदर बनता है। वहीं कर्मचारियों ने बीके चौक से नीलम चौक तक जुलूस भी निकाला।