जिम में घुसकर संचालक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला, FIR दर्ज

नवभारतटाइम्स.कॉम
faridabad life threatening attack on gym operator with sticks and rods attempt to snatch gold chain fir registered
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

ओल्ड फरीदाबाद मेन मार्केट स्थित रॉक जिम में देर रात 15 से ज्यादा युवकों के घुसकर एक व्यक्ति से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला करने के साथ उसके गले से सोने की चेन को तोड़ने का प्रयास किया।
हमलावर उसका मोबाइल फोन और गाड़ी की चाबी भी छीन ले गए। पीड़ित किसी तरह वहां से भागा तो आरोपियों ने पीछा कर दोबारा हमला किया। जान बचाने के लिए उसे एक घर में घुसकर छिपना पड़ा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठाकुरवाड़ा, ओल्ड फरीदाबाद निवासी नरेंद्र ठाकुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक सितंबर की रात करीब 2:20 बजे मेन मार्केट स्थित अपने ऑफिस रॉक जिम में मौजूद था। इसी दौरान ऑफिस के बाहर पालू, कृष्ण बैंसला और कुछ अन्य युवक शोर-शराबा कर रहे थे। नरेंद्र ने उन्हें वहां से जाने के लिए कहा। आरोप है कि कुछ देर बाद कृष्ण बैंसला, शैंकी उर्फ सरदार, बौनी, अंकित, नेपाली समेत 10-12 अन्य युवक लाठी-डंडे और रॉड लेकर ऑफिस में घुस आए।