Man Selling Herbs Dies After Being Hit By Thar At Chandawali Mor Five Children Orphaned
चंदावली मोड़ पर थार की टक्कर से शख्स की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nएनबीटी न्यूज, बल्लभगढ़
आईएमटी एरिया के चंदावली मोड़ पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने एक गरीब परिवार को उजाड़ दिया। सड़क पार कर रहे 35 वर्षीय जयप्रकाश को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जबकि जयप्रकाश लहूलुहान होकर वहीं तड़पते रहे। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत बल्लभगढ़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण दो घंटे के इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। मूलरूप से बुलंदशहर (यूपी) निवासी जयप्रकाश कई वर्षों से चंदावली मोड़ के पास एक झोपड़ी में रहकर जड़ी-बूटियां बेचने का काम करते थे।पत्नी राजेंद्री ने बताया कि जयप्रकाश अपने पीछे पांच छोटे बच्चों, पत्नी और बुजुर्ग सास-ससुर का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सदर थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आईएमटी चौक और चंदावली मोड़ के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जयप्रकाश की मौत के बाद पांच मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।