District Hospital In Preparation For Nqas Team To Assess Quality Of Health Services
कायाकल्प असेसमेंट के बाद अब एनक्वास की तैयारी शुरू
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, नोएडा
सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में कायाकल्प असेसमेंट के बाद अब नैशनल क्वॉलिटी स्टैंडर्ड (एनक्वास) के अगले राउंड की तैयारी शुरू हो गई है। जल्द ही एनक्वास की टीम अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचेगी। इस दौरान मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और इलाज की गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा। 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर एनक्वास प्रमाणपत्र प्राप्त करना अस्पताल का लक्ष्य है। एनक्वास टीम मरीजों की सुरक्षा , स्वच्छता, उपचार की गुणवत्ता और समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने समेत कई मानकों पर व्यवस्थाओं को परखेगी। ओपीडी और इमरजेंसी में मरीजों का वेटिंग टाइम, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, दवाओं की उपलब्धता, 24 घंटे की चिकित्सा सेवा जांच के दायरे में रहेगी। एनक्वास प्रमाणन मिलने से अस्पताल की राष्ट्रीय साख बढ़ने के साथ ही केंद्र सरकार से अतिरिक्त वार्षिक बजट मिलने का रास्ता साफ होगा। इस राशि का इस्तेमाल उपकरण खरीदने और सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जा सकेगा।