Noida District Hospital Lacks Ramp Patients Lives Could Be In Danger In Emergencies
ज़िला अस्पताल में रैंप नहीं, इमरजेंसी में मरीज़ों की बढ़ सकती है मुश्किल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, नोएडा
सेक्टर-39 स्थित आठ मंजिला जिला अस्पताल करोड़ों रुपये की लागत से बनाया गया है, लेकिन यहां मरीजों के लिए रैंप की सुविधा नहीं है। अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को फिलहाल ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने के लिए लिफ्ट पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होने या किसी इमरजेंसी में लिफ्ट बंद होने पर मरीजों को ऊपरी तल से नीचे लाना बड़ी चुनौती बन सकता है। अस्पताल प्रशासन ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए रैंप निर्माण के लिए शासन से बजट की मांग की है। इसके लिए शासन के नाम पत्र भी भेजा गया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि रैंप की सुविधा होने से आपात स्थिति में मरीजों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने में मदद मिलेगी। दरअसल, जिले में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू (एच1एन1) के मामलों और अस्पताल में संक्रमण से बचाव की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉ. विकासेंदु अग्रवाल ने पांच सितंबर को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया था। उन्होंने मरीजों की स्थिति देखने के साथ अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और संक्रमण से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने अस्पताल की जरूरतों से अधिकारी को अवगत कराया। रैंप के अलावा वॉर्डों की छत से गिर रही फॉल्स सीलिंग की मरम्मत के लिए भी बजट की मांग की गई है।