Noida Implements Corpus Fund Of 3444 Crores For Civic Amenities Arranging For Future Needs
कॉर्पस फंड की पॉलिसी होगी लागू
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नोएडा
बोर्ड से मंजूरी के बाद नोएडा अथॉरिटी कॉर्पस फंड की पॉलिसी को अब लागू करेगी। जानकारी के अनुसार शुरुआत में इस फंड में 3444 करोड़ रुपये रखे जाएंगे। इसके बाद हर साल आने वाला वन टाइम लीज रेंट का फंड इसमें डाला जाता रहेगा। शहर में पानी, सीवर, सफाई, सड़कों और अन्य नागरिक सुविधाओं के रखरखाव के लिए नोएडा अथॉरिटी भविष्य में रेवेन्यू कहां से लाएगी। इसी के चलते कॉर्पस फंड का प्रस्ताव बोर्ड ने पास किया है। नोएडा अथॉरिटी को हर साल 90 साल की लीज पर आवंटित संपत्तियों से वन टाइम लीज रेंट के रूप में बड़ी राशि प्राप्त होती है। मौजूदा व्यवस्था में इस राशि का एक हिस्सा हर साल राजस्व के तौर पर लिया जाता है। अब कॉर्पस फंड बनाकर इस राशि को लंबे समय तक सुरक्षित रखते हुए उससे मिलने वाले ब्याज का इस्तेमाल शहर की जरूरी नागरिक सेवाओं में किया जाएगा। सीईओ कृष्ण करुणेश ने बताया कि कॉर्पस फंड के लिए अलग सेविंग/फ्लैक्सी बैंक अकाउंट खोला जाएगा। इस फंड को अधिकतम उपलब्ध ब्याज दर पर फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने का प्रावधान किया गया है। नोएडा अथॉरिटी इस रकम को सामान्य पूंजीगत या राजस्व खर्च में नहीं कर सकेगी। इससे पानी सप्लाई, सीवर, सफाई, स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक नागरिक सेवाओं के रखरखाव से जुड़े खर्च किए जा सकेंगे।