2 Lakhs Cheated Via Credit Card Maharashtra Resident Arrested From Gujarat
क्रेडिट कार्ड से 2 लाख रुपये हड़पे
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
क्रेडिट कार्ड से पैसे निकालकर बैंक खाते में ट्रांसफर करने का झांसा देकर 2 लाख रुपये की ठगी के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने महाराष्ट्र निवासी एक आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सागर राजू गुंजाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 9 सितंबर को काबू किया। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।पलवल के ककड़ीपुर निवासी व्यक्ति को पैसों की जरूरत थी। उसने सर्च इंजन पर क्रेडिट कार्ड से बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने वाली कंपनी के बारे में जानकारी जुटाई। वहां मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर राकेश नाम के व्यक्ति ने 0.75 प्रतिशत चार्ज लेकर क्रेडिट कार्ड से बैंक खाते में रकम ट्रांसफर करने की बात कही। इसके बाद राकेश ने वॉट्सऐप के जरिए संपर्क कर पीड़ित को फरीदाबाद में एक व्यक्ति से मिलने के लिए बुलाया। वहां बताए गए तरीके से प्रक्रिया पूरी कराने के बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 1-1 लाख रुपये की दो ट्रांजैक्शन कर कुल 2 लाख रुपये निकाल लिए गए। हालांकि, यह रकम उसके बैंक खाते में ट्रांसफर नहीं हुई।