Minister Sanjay Nishad Sits On A Dharna Over The Death Of A Utensil Trader In Gonda Demands Strict Action
घायल बर्तन कारोबारी की मौत, धरने पर बैठे मंत्री
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, लखनऊ: गोंडा में धारदार हथियार से हमले में घायल बर्तन कारोबारी विनोद साहनी (45) की गुरुवार दोपहर ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद केजीएमयू पहुंचे और ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों से इलाज व घटना की जानकारी ली।
परिवारीजनों के अनुसार, बुधवार रात हमले के बाद विनोद को पहले परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया था। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां भी सुधार न होने पर डॉक्टरों ने केजीएमयू रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार दोपहर 3 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।पोस्टमॉर्टम हाउस में प्रदर्शन : कारोबारी की मौत के बाद डॉ. संजय निषाद पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे और परिवारीजनों से मुलाकात की। घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्होंने आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई और नाराज होकर पोस्टमॉर्टम हाउस में ही धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत कराया। मंत्री ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिवारीजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई।