Female Leaders Clash Over Drain Commotion Due To Scuffle
नाली के लिए भिड़ीं महिला नेता, हाथापाई
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, हमीरपुर
कुरारा के वॉर्ड नंबर-9 में निर्माणाधीन नाली को लेकर गुरुवार को नगर पंचायत की पूर्व अध्यक्ष माया वाल्मीकि (सपा) और वर्तमान अध्यक्ष आशा रानी कबीर (बीजेपी) के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि, NBT विडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है।वॉर्ड नंबर-9 निवासी माया वाल्मीकि का आरोप है कि उनके मकान से सटाकर नाली का निर्माण किया जा रहा है। इससे मकान में सीलन आने का खतरा है। उनका आरोप है कि बाउंड्री तुड़वाकर खुद से दोबारा निर्माण कराने के बाद नाली के निर्माण को जेसीबी से तुड़वाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, वर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष आशा रानी कबीर का कहना है कि पूर्व चेयरमैन ने पूरे वॉर्ड के लोगों को परेशान कर रखा है और अपनी मर्जी के हिसाब से नाली का निर्माण करवा रही हैं। उनके अनुसार, इससे करीब 20 से 25 मकानों में पानी घुस गया है और लोगों को पानी से होकर आना-जाना पड़ रहा है। इसी शिकायत के निस्तारण के लिए वह मौके पर गई थीं।
आशा रानी का आरोप है कि बातचीत के दौरान उन पर हमला कर दिया गया। वहीं, पूर्व अध्यक्ष माया वाल्मीकि का आरोप है कि उन्हें उनके घर के बाहर पीटा गया।
कुरारा के थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। आरोपों और शिकायतों के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।