Hanuman Setu Included In Neem Karoli Circuit Up Tourisms Big Step To Promote Spiritual Heritage
नीब करौरी सर्किट में हनुमान सेतु भी शामिल
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
बाबा नीब करौरी के 'महासमाधि दिवस' पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने उनकी आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के श्रद्धालुओं तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उनके जीवन और विरासत से जुड़े प्रमुख स्थलों को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन का नया सर्किट विकसित किया है। लखनऊ का प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर भी सर्किट का हिस्सा है।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को बताया कि फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद में पर्यटन सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विकास पर लगभग 12.93 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। फिरोजाबाद के अकबरपुर को बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली के रूप में विकसित किया जा रहा है। परियोजना को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। यहां बहुद्देशीय सभागार, सांस्कृतिक ब्लॉक और बाबा के जीवन एवं आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित आधुनिक प्रदर्शनी हॉल बनाया जा रहा है। इसके अलावा डाइनिंग हॉल, 50 लोगों की क्षमता वाला कैफेटेरिया, रसोई, शौचालय और करीब 60 लोगों के ठहरने के लिए डॉरमेट्री की सुविधा विकसित की जा रही है। वहीं, ग्रामीण पर्यटन परियोजना के तहत प्रवेश द्वार, साइनेज, म्यूरल वॉल और पर्यटक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। फर्रुखाबाद के नीब करोरी आश्रम में भी यात्रियों के ठहरने के लिए भवन, मुख्य द्वार और सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। अकबरपुर में 55.44 लाख रुपये की ग्रामीण पर्यटन परियोजना भी जल्द शुरू की जाएगी। फर्रुखाबाद में नीब करौरी आश्रम के विकास की 1.51 करोड़ रुपये की परियोजना पूरी हो चुकी है।