n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : प्रदेश को मिले 6.18 लाख आवासों को निर्धारित समय सीमा में स्वीकृत कर उनका निर्माण पूरा करवाएं। इसके साथ ही योजना के तहत निर्धारित 318 प्रकार के आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश समीक्षा बैठक में दिए।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विकसित भारत-जी राम जी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी जिलों में विशेष अभियान चलाकर मानव दिवस सृजन को बढ़ाया जाए और श्रमिकों को समय पर भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत निर्धारित 318 प्रकार के कार्यों में आजीविका से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को मजबूती मिले। समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम ने सभी खंड विकास अधिकारियों को योजना की नियमित निगरानी करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत प्रदेश को मिले 6.18 लाख आवासों को निर्धारित समय सीमा में स्वीकृत करवाकर उनका निर्माण पूरा करवाने के लिए कहा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत बेसहारा महिलाओं, दिव्यांगजनों और अन्य पात्र परिवारों को विशेष अभियान चलाकर चिह्नित करने तथा उन्हें आवास उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र स्वयं सहायता समूहों को शत-प्रतिशत कैश क्रेडिट लिमिट (सीसीएल) उपलब्ध करवाने, नए समूहों के गठन में तेजी लाने और मानदेय बढ़ाने के लिए अन्य राज्यों के मॉडल का अध्ययन करने का भी सुझाव दिया।