ग्रेट वैल्यू शरणम में विवाद, AOA अध्यक्ष समेत पांच पर केस दर्ज

नवभारतटाइम्स.कॉम
ग्रेट वैल्यू शरणम में विवाद, AOA अध्यक्ष समेत पांच पर केस दर्ज
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

सेक्टर 107 की ग्रेट वैल्यू शरणम सोसायटी के अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन (AOA) पदाधिकारियों पर बिल्डर कंपनी के कर्मचारियों से मारपीट और गालीगलौज का आरोप लगा है। साथ ही रंगदारी मांगने का भी दावा किया गया। ये कर्मचारी सोसायटी में पेंटिंग का काम करने गए थे। कंपनी की शिकायत पर सेक्टर 39 थाना पुलिस ने एओए अध्यक्ष समेत पांच पदाधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एओए का आरोप है कि पूरी सोसायटी में सीसीटीवी कैमरे बंद हैं, टावर जर्जर हो चुके हैं। स्ट्रक्चरल ऑडिट के बाद पेंटिंग करने के लिए कहा गया था।
ग्रेट वैल्यू प्रॉजेक्ट्स के कर्मचारी रमाशंकर शर्मा ने बताया कि 2021 से सोसायटी को एओए को हैंडओवर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कंपनी का आरोप है कि एओए अलग-अलग कारण बताकर हैंडओवर लेने से इनकार करती रही। एओए ने सोसायटी के 50 कामों की लिस्ट दी थी। कंपनी ने इस लिस्ट को स्वीकार कर काम शुरू कराया। बाद में दावा किया कि इनमें से 42 काम पूरे किए जा चुके हैं। फसाड रिपेयरिंग और फायर फाइटिंग से जुड़े कार्य अभी बाकी हैं। कंपनी ने एओए अध्यक्ष अभिषेक मित्तल, उपाध्यक्ष अनूप पोखरियाल, कोषाध्यक्ष पुनीत कपूर, सचिव विश्वरूप मलिक और सदस्य वरुण कुमार पर आरोप लगाए हैं।