हाईटेक होंगे केजीएमयू के OT

नवभारतटाइम्स.कॉम
kgmus operation theaters to be high tech 26 ots to be upgraded rs 25 crore expense
nNBT न्यूज, लखनऊ : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के ऑपरेशन थिएटर (OT) अब आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होंगे। KGMU में 26 ऑपरेशन थिएटरों को अपग्रेड करने की तैयारी शुरू हो गई है। इन्हें नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स ऐंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (NABH) के मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग कार्यों के एस्टीमेट बनाए जा रहे हैं। पूरी परियोजना पर करीब 20 से 25 करोड़ रुपये या इससे अधिक खर्च होने का अनुमान है।

प्रस्तावित अपग्रेडेशन में सबसे महत्वपूर्ण बदलावों में HEPA (हाई एफिशिएंसी पार्टिकुलेट एयर) फिल्टर की स्थापना शामिल है। मौजूदा OT में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। OT के पुराने हो चुके AC और अन्य बुनियादी ढांचे में भी सुधार किया जाएगा। कई जगह पुरानी व्यवस्था के कारण पानी टपकने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। अपग्रेडेशन के दौरान इन खामियों को दूर करने के साथ एयर कंडीशनिंग और वेंटिलेशन व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। इसका उद्देश्य OT में तापमान, नमी और हवा की गुणवत्ता को निर्धारित मानकों के अनुसार बनाए रखना है।
शासन को भेजेंगे प्रस्ताव

केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि अलग-अलग OT के लिए एस्टीमेट तैयार किए जा रहे हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। फंड स्वीकृत होने के बाद काम शुरू किया जाएगा। परियोजना पूरी होने पर KGMU के ऑपरेशन थिएटरों में मरीजों की सर्जरी के लिए अधिक सुरक्षित और नियंत्रित वातावरण उपलब्ध होगा।