'न्याय के लिए मंत्री धरने पर, जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा'

Contributed byankur.tiwari|नवभारतटाइम्स.कॉम
minister on protest sanjay singh questions yogi governments zero tolerance who will guarantee public safety
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गोंडा के व्यापारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड को लेकर योगी सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि जब प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को ही न्याय की मांग को लेकर केजीएमयू के पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर धरने पर बैठना पड़ रहा है, तो जनता की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा।

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका संदिग्ध रही और आरोपितों को संरक्षण दिया गया। मृतक के परिवारीजनों ने भी पुलिस पर लापरवाही और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। आप सांसद ने कहा कि सत्ता में सहयोगी दल के नेता को ही दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, मुकदमा दर्ज करने और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग के लिए धरना देना पड़ रहा है। यह सीएम के ‘जीरो टॉलरेंस’ के दावे की पोल खोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों और भ्रष्ट पुलिसकर्मियों का गठजोड़ हावी है। उन्होंने विनोद हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी, कड़ी सजा और लापरवाह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बर्खास्त करने की मांग की।