Ganesh Chaturthi Frenzy In Delhi Ganpati Installed In Homes And Pandals Grand Festival Begins
घरों और पंडालों में विराजे गणपति
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
गणेश चतुर्थी पर दिल्लीवालों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा भाव के साथ गणपति बप्पा की अगवानी की। कहीं लोगों के घरों-दफ्तरों में गणपति विराजे, तो कहीं भव्य पंडालों में बप्पा की स्थापना हुई। इसी के साथ दिल्ली में भी 10 दिवसीय गणपति उत्सव का शुभारंभ हुआ। दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में सुबह से ही गणेश प्रतिमाओं की स्थापना का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। झंडेवालान समेत दिल्ली के कई मंदिरों में भी गणेश पूजा शुरू हुई।पीतमपुरा में ‘लाल बाग का राजा’ की स्थापना के अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया। यहां मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा की तर्ज पर गणेश उत्सव आयोजित किया जा रहा है और एयर कंडीशंड पंडाल में गणेश जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। पंडाल की थीम भगवान शिव से जुड़ी है। यहां गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक उत्सव चलेगा। रोज शाम को भजन संध्या, राम कथा, भजन जैमिंग जेसे आयोजन होंगे। कई मशहूर कलाकार यहां प्रस्तुतियां देंगे।
लक्ष्मी नगर के प्रियदर्शनी विहार स्थित डीडीए मिनी क्रिकेट स्टेडियम में इस बार दिल्ली का महाराज गणेश महोत्सव सिल्वर जुबली वर्ष में पहुंच गया है। श्री गणेश सेवा मंडल की ओर से 25 सितंबर तक 12 दिवसीय उत्सव आयोजित किया जाएगा। इस बार यहां के पंडाल की थीम ‘विघ्नहर्ता से विकासकर्ता’ है। पंडाल में द्वादश ज्योतिर्लिंगों की झलक के साथ गणपति के हाथों में मेड इन इंडिया ड्रोन, ब्रह्मोस मिसाइल और सेमीकंडक्टर को दिखाया गया है।
द्वारका सेक्टर-13 में भी गणेश चतुर्थी पर विशेष आयोजन हुआ। यहां हाथी, घोड़े, बग्गियों और झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई और पांच फीट ऊंची गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। यहां के पंडाल को ‘नजर बट्टू’ थीम पर सजाया गया है। उत्सव के दौरान यहां रोज शाम भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को पौधे भी वितरित किए गए। गणेश चतुर्थी के अवसर पर दिव्यांग बच्चों के लिए हॉस्टल का शुभारंभ किया गया।
मयूर विहार, रमेश नगर, आर.के. पुरम, उत्तम नगर, सरोजिनी नगर, वसुंधरा एन्क्लेव आदि इलाकों में जगह-जगह गणेश उत्सव की धूम देखने को मिली। पुरानी दिल्ली के मालीवाला स्थित बालू केसरी मंदिर में भी श्री बालाजी सेवा समिति ने गणपति स्थापना की। यहां 14 से 16 सितंबर तक सुंदरकांड और भजन संध्या होगी। मारवाड़ी सदन में भी गणेश पूजन हुआ। श्री सिद्धि विनायक सेवा ट्रस्ट, दिल्ली ने अशोक विहार में फेज-1 स्थित अग्रसेन भवन में गणपति स्थापना की। यहां के संरक्षक प्रदीप गुप्ता और जगमोहन गोटेवाला ने बताया कि चांदनी चौक के महाराजा की पूजा अब अशोक विहार में होगी।