Major Fire In Vatika Professional Tower Lakhs In Damage People Narrowly Escape
वाटिका प्रफेशनल टावर में देर रात लगी आग, कोई हताहत नहीं
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, सेक्टर-66
एरिया की एक कमर्शल बिल्डिंग वाटिका प्रफेशनल टावर की नौवीं मंजिल पर रविवार देर रात अचानक आग लग गई। ऑफिस बंद होने और रविवार की छुट्टी के कारण कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि ऑफिस में रखा कीमती फर्नीचर, डॉक्युमेंट और सामान जलने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात लगभग 10 बजे नौवीं मंजिल पर एक निजी कार्यालय में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बिल्डिंग से निकल रही लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाया। समय पर की गई कार्रवाई से आग को इमारत की अन्य मंजिलों और आसपास के दफ्तरों में फैलने से रोक लिया गया। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।