पत्नी की हत्या कर लगाई फांसी

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times
nNBT रिपोर्ट, नरेला

महादेव अपार्टमेंट में शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल ने चुन्नी से पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसी चुन्नी से पंखे में फंदा लगाकर स्यूसाइड कर लिया। दोनों के शव फ्लैट के एक कमरे में मिले हैं। हालांकि, उन्होंने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी साफ नहीं हुई है। वारदात के समय दंपती के दोनों बच्चे स्कूल में थे। बच्चे स्कूल से लौटे तो फ्लैट का मेन गेट नहीं खुलने पर इसकी जानकारी पड़ोसियों की दी। फिर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि 19 सितंबर को दोपहर करीब एक बजे नरेला थाना पुलिस को फ्लैट अंदर से बंद होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से लॉक था। फायर ब्रिगेड की मदद से फ्लैट का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर एक ही कमरे में दंपती मृत मिले। जिनकी पहचान नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट स्थित पुलिस लाइन में तैनात हेड कॉन्स्टेबल मोनू (40) और उनकी पत्नी मीनू (35) के रूप में हुई। मौके पर एफएसएल और क्राइम टीम के साथ वरिष्ठ अधिकारियों ने भी जांच की। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए राजा हरिश्चंद्र अस्पताल भेज दिया गया है।