Street Dog Terror 18 month old Child Critically Injured In Attack Severe Facial Wounds
स्ट्रीट डॉग ने 18 महीने के बच्चे पर हमला किया
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, तिमारपुर
घर के सामने गली में खेल रहे 18 महीने के एक बच्चे पर अचानक एक कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में बच्चे के चेहरे पर गंभीर चोट आई और मांस का एक हिस्सा तक निकल गया। गंभीर हालत में उसे ICU में भर्ती कराया गया। फिलहाल घायल अब्बास खतरे से बाहर है। डॉक्टरों ने चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी कराने की सलाह दी है। यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।सीसीटीवी में कैद घटना में कुत्ता बच्चे को जमीन पर गिराकर उस पर लगातार हमला करता नजर आ रहा है। घटना के दौरान बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह कुत्ते को वहां से भगाया और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। घटना का विडियो सामने आने के बाद एमसीडी की टीम इलाके में पहुंची। लोगों के मुताबिक, टीम ने कुछ कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा है। हालांकि, अब्बास पर हमला करने वाला कुत्ता अभी नहीं पकड़ा गया है। अब्बास के पिता इसराज खान का आरोप है कि आवारा कुत्तों को लेकर नियम और अदालत के निर्देश होने के बावजूद जमीन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। अगर इलाके में पहले से निगरानी और कार्रवाई होती तो बच्चे के साथ यह घटना नहीं होती। लोगों ने संकरी गलियों में नियमित निगरानी बढ़ाने, हमलावर कुत्ते को जल्द पकड़ने और इलाके में सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि स्थानीय विधायक को भी अपने फंड से जरूरी सुरक्षा व्यवस्था कराने की पहल करनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।