स्कूल से लौटे बच्चे, दुनिया छोड़ चुके थे माता पिता
स्कूल से लौटे बच्चे, दुनिया छोड़ चुके थे माता-पिता
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nशमसे आलम, नई दिल्ली
दोनों बच्चे रोज की तरह शनिवार की सुबह भी हंसते-खेलते स्कूल गए थे। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि स्कूल से लौटने पर उनके माता-पिता इस दुनिया से जा चुके होंगे। सुबह करीब 7:30 बजे दोनों भाई-बहन कैब से स्कूल गए थे। करीब 11 बजे जब वे वापस लौटे तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो बच्चों ने पड़ोसियों को बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। अंदर का मंजर देखकर दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चे फिलहाल किसी से बात करने की स्थिति में नहीं हैं।पड़ोसियों के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे तक फ्लैट में सबकुछ सामान्य लग रहा था। एक पड़ोसी महिला ने बताया कि मीनू उस समय वॉशिंग मशीन में कपड़े धो रही थीं। किचन में चाय भी बन रही थीं। करीब 9 बजे पड़ोसी महिला को चाय जलने की बदबू आई। वह बाहर निकलीं और मीनू के फ्लैट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने आवाज भी लगाई और मोबाइल पर कॉल करने की कोशिश की, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। मेन गेट पर सेंट्रल लॉक लगा होने के कारण उन्हें लगा कि शायद दोनों बच्चों को स्कूल भेजने के बाद बाहर गए होंगे और चूल्हे पर चाय रह गई होगी। इसके बाद लौट आईं।
करीब दो घंटे बाद दोनों बच्चे स्कूल से लौटे। उनकी आवाज सुनकर भी जब दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों को शक हुआ और पुलिस को जानकारी दी गई।