कलारीपयट्टू में 7 गोल्ड जीत कर लखनऊ ओवरऑल चैंपियन

नवभारतटाइम्स.कॉम
7
nNBT न्यूज, लखनऊ : कलारीपयट्टू के राज्य स्तरीय मुकाबले में लखनऊ के खिलाड़ियों ने ऐसा दम दिखाया कि पदकों की झड़ी लग गई। 18 मंडलों के बीच हुए मुकाबले में लखनऊ ने बालक वर्ग के चार और बालिका वर्ग के तीन स्वर्ण समेत कुल सात स्वर्ण पदक अपने नाम कर ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देशीय हॉल में शनिवार को आयोजित प्रतियोगिता का आगाज़ संयुक्त शिक्षा निदेशक लखनऊ मंडल डॉ. प्रदीप कुमार ने किया।

चुवाडुकल, मेयपयट्टू और लाठी मुकाबलों में जलवा
चुवाडुकल के अंडर-17 बालिका वर्ग में प्रियांशी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग में समरीन बानो और अंडर-19 बालक वर्ग में निखिल रावत विजेता बने। अंडर-17 बालक वर्ग में लखनऊ के रुद्र प्रताप ने रजत पदक हासिल किया। मेयपयट्टू में अंडर-17 बालिका वर्ग की शिवानी रावत और बालक वर्ग के प्रिंस मौर्य ने स्वर्ण पदक जीता। अंडर-19 बालक वर्ग में लखनऊ के तुषार ने भी पहला स्थान हासिल किया।

केट्टूकरी यानी लाठी मुकाबलों में भी लखनऊ का दबदबा कायम रहा। अंडर-17 बालिका वर्ग में प्रियांशी और शिवानी रावत ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग में निखिल रावत और लकी सिंह गौतम विजेता रहे। अंडर-17 बालक वर्ग में प्रिंस मौर्य और दिव्यांश कश्यप दूसरे स्थान पर रहे, जबकि अंडर-19 बालिका वर्ग में नाजरीन बानो और अदिति देवी ने रजत पदक जीता।

विजेताओं का हुआ सम्मान

प्रतियोगिता के विजेताओं को विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने पदक और विजेता ट्रोफी देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में उप शिक्षा निदेशक पीएन सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार पांडेय, कलारीपयट्टू असोसिएशन उत्तर प्रदेश के महासचिव प्रवीण गर्ग, विनोद कुमार, विश्वजीत पांडेय, अमित कुमार श्रीवास्तव, डॉ. दिनेश कुमार मौजूद रहे।