कोर्ट में तमंचा लेकर पहुंचा MBBS का छात्र, पकड़ा

नवभारतटाइम्स.कॉम
mbbs
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

सेक्टर-12 स्थित कोर्ट की ओल्ड बिल्डिंग के मुख्य गेट पर चेकिंग के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक के बैग से तमंचा मिला। उस दौरान कोर्ट परिसर के बार रूम में नवनियुक्त बार असोसिएशन पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था। आरोपी की पहचान गुड़गांव के सोहना थाना क्षेत्र के गांव लाला खेड़ली निवासी अभिषेक के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके एक अन्य साथी वंश राठी निवासी नंगला एन्क्लेव पार्ट-1 को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अभिषेक एक निजी संस्थान से एमबीए की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने उसके पास मिले हथियार को जब्त कर लिया है। सेंट्रल थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
भाई के साथ पहुंचा था कोर्ट : पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक अपने भाई को लेने उसके कॉलेज गया था। इसी दौरान कॉलेज के बाहर उसकी मुलाकात वंश राठी से हुई, जिसको वह पहले से जानता था। वंश ने अभिषेक को बताया कि उसका किसी व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ है और उसे सबक सिखाने के लिए उसने तमंचे का इंतजाम किया है। वंश ने अभिषेक को तमंचा देते हुए कहा कि वह इसे अपने पास रख ले और बाद में नंगला एन्क्लेव स्थित उसके घर पर वापस दे देगा। अभिषेक ने हथियार को बैग में रख लिया और भाई के साथ कोर्ट परिसर पहुंच गया।

कोर्ट गेट पर मचा हड़कंप: पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को इंस्पेक्टर ब्रह्म प्रकाश के नेतृत्व में एएसआई अजय सहित पुलिस टीम कोर्ट की जूडिशल प्रॉटेक्शन ड्यूटी पर ओल्ड बिल्डिंग के मुख्य गेट पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान युवक पकड़ा गया। कुछ देर के लिए कोर्ट गेट पर हड़कंप मच गया। क्योंकि उस वक्त फरीदाबाद बार असोसिएशन के विजेता पदाधिकारियों का बार रूम में शपथ ग्रहण कार्यक्रम चल रहा था। आरोपी से पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने वाले वंश राठी का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।