Faridabad 20 Youths Attack 6 Trackmen With Knives And Sticks Revenge For Stopping Iron Theft
20 युवकों ने 6 ट्रैकमैन पर चाकू-डंडों से किया हमला
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
तुगलकाबाद और फरीदाबाद स्टेशन के बीच जंक्शन केबिन के पास रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे 6 ट्रैकमैन पर 20-25 असामाजिक तत्वों ने धारदार हथियारों, लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। दरअसल, वारदात से एक दिन पहले रेलवे ट्रैक से लोहे का सामान उठाकर ले जा रहे तीन युवकों को इन कर्मचारियों ने रोका था, इसी रंजिश में यह हमला किया गया। इसमें छह ट्रैकमैन घायल हो गए, जिनमें से एक कर्मचारी के सिर पर चाकू से वार किया गया है। जीआरपी थाना पुलिस ने पीड़ित कर्मचारी के बयान पर धीरज, भोले शंकर और 20-25 अज्ञात साथियों के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।लोहा चुराने से टोका, तो दी थी धमकी
जीआरपी को दिए बयान में राजस्थान के अलवर जिले के निवासी और वर्तमान में फरीदाबाद में ट्रैकमैन यूनिट नंबर 22 के पद पर तैनात जितेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि 16 सितंबर को वह अपने साथी ट्रैकमैन विश्राम योगी, दीपक कुमार, नीरज कुमार, मनीष कुमार, अमन कुमार और अरविंद कुमार के साथ जक्शन केबिन के पास ड्यूटी पर थे। उन्होंने देखा कि तीन युवक रेलवे ट्रैक से लोहे के टुकड़े उठाकर ले जा रहे हैं। उन्हें रोका तो वे गाली-गलौज करने लगे और सबक सिखाने की धमकी देकर चले गए। जीआरपी थाना प्रभारी सूरतपाल ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी धीरज, भोले शंकर और महिला सुनीता देवी निवासी कुतलूपुर, थाना राजेपुर जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।