खाने की अच्छी तस्वीर भी खींचती है: स्टडी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
खाने की अच्छी तस्वीर भी खींचती है: स्टडी
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

सोशल मीडिया पर किसी खाने की खूबसूरत तस्वीर देखकर अचानक उसे खाने का मन क्यों करने लगता है? पिज्जा पर पिघला हुआ चीज, रंग-बिरंगे फल या करीने से सजी सलाद की प्लेट... तस्वीर जितनी आकर्षक होती है, खाने की इच्छा भी उतनी ही बढ़ सकती है। टीनएजर्स पर हुए एक नए अध्ययन में खाने की तस्वीरों के इसी असर को देखा गया है।
शोध में पाया गया कि खाने की तस्वीर का आकर्षण और उसे खाने की इच्छा के बीच सीधा संबंध है। तस्वीर में रंग, विजुअल इफेक्ट, खाने की सामग्री और उसे किस तरह सजाकर पेश किया गया है, ये सभी चीजें लोगों को उस खाने की तरफ आकर्षित कर सकती हैं। हेल्दी खाने को भी अच्छे रंग, आकर्षक सजावट के साथ दिखाया गया, तो उसे खाने के प्रति सकारात्मक रुझान देखा गया। आईसीएमआर और नैशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन की यह स्टडी बीएमसी पब्लिक हेल्थ में प्रकाशित हुई है। इसमें 13 से 19 साल की उम्र के 203 टीनएजर्स को शामिल किया गया। 15 दिन के अध्ययन में इंस्टाग्राम के जरिए खाने की तस्वीरों को लेकर हस्तक्षेप किया गया। इसके अलावा 19 प्रतिभागियों के इंटरव्यू भी किए गए।