सेक्टर-122 में सफाई व्यवस्था बदहाल

नवभारतटाइम्स.कॉम•
सेक्टर-122 में सफाई व्यवस्था बदहाल
nNBT न्यूज, नोएडा : सेक्टर-122 में सफाई व्यवस्था एक बार फिर प्रभावित होने का मामला सामने आया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष शिव कुमार तिवारी ने नोएडा प्राधिकरण के जन स्वास्थ्य विभाग के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष के अनुसार, कुछ दिन पहले सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सेक्टर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई थी। हड़ताल खत्म होने के बाद कर्मचारियों ने केवल एक दिन काम किया लेकिन इसके बाद दोबारा पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारी नियमित रूप से काम पर नहीं पहुंचे। शिकायत के मुताबिक, सफाई कर्मचारियों से बात करने पर उन्होंने बताया कि ठेकेदार की ओर से समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया गया। इसी वजह से कर्मचारियों के काम पर नहीं आने की बात सामने आई है। आरडब्ल्यूए ने प्राधिकरण से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने और सफाई कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है।