Security Questioned In Faridabad Strong Demand To Increase Police Patrolling In Sectors And Societies
सेक्टरों और सोसायटियों में सुरक्षा को लेकर चिंता, पुिलस गश्त बढ़ाने की मांग
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर के विभिन्न सेक्टरों और सोसायटियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। कई आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का आरोप है कि एरिया में पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग कई बार पुलिस प्रशासन के सामने रखी जा चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। आएदिन असामाजिक तत्वों के घूमने और चोरी की घटनाओं की शिकायतों से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि सेक्टरों में शाम ढलने के बाद असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ जाती है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि सेक्टरों में पुलिस गश्त न के बराबर है, जिसका फायदा चोर उठा रहे हैं। सड़क किनारे गाड़ियों में बैठकर कुछ लोग शराब पीते हैं। सेक्टर 62 साउथ विंग के आरडब्ल्यूए पदाधिकारी सीताराम चौधरी और दिनेश ने बताया कि सेक्टर में बने दाता-पोता ट्रैक पर शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है। लोग यहां बैठकर शराब पीते हैं। गाली-गलौच करते हैं। साथ ही सेक्टर में आए दिन मोटर, कार बैटरी और टायर चोरी हो रहे हैं। आरडब्ल्यूए का कहना है कि शिकायत करने पर पुलिस ने केवल एक बार गश्त की और उसके बाद कोई गश्त नहीं की गई। सेक्टर-31 स्प्रिंगफील्ड कॉलोनी में भी पुलिस गश्त नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि कॉलोनी में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने से चोरी और लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही हैं। यहां असामाजिक तत्व खुलेआम घूमते रहते हैं। कॉलोनी के पार्कों में बाहरी लोगों की आवाजाही बनी हुई है।