फ्लीट कार्ड से डीजल की फर्ज़ी खरीद दिखा 1.05 करोड़ का फ्रॉड, 10 पर FIR

नवभारतटाइम्स.कॉम•
105 crore diesel fraud via fleet card fir against 10 employee and wife also involved
nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : गोमतीनगर विस्तार में दो कंपनियों के फ्लीट कार्ड का कथित दुरुपयोग कर करीब 1.05 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। कंपनी की आंतरिक जांच में आरोप है कि एक कर्मचारी ने पेट्रोल पंप प्रबंधकों और कर्मचारियों की मिलीभगत से फ्लीट कार्ड से डीजल की खरीद दिखाकर उसके बदले नकदी हासिल की। जांच के बाद कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी ने डीसीपी पूर्वी से शिकायत की। पुलिस के मुताबिक, डीसीपी के आदेश पर गोमतीनगर पुलिस ने कर्मचारी, उसकी पत्नी, पेट्रोल पंप प्रबंधक और अन्य लोगों समेत 10 आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

गोमतीनगर विस्तार स्थित गंगा अपार्टमेंट निवासी कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी देवी शंकर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जीएस एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड और एबको इंफ्रास्ट्रक्चर्स प्राइवेट लिमिटेड वर्ष 2020 से इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के फ्लीट कार्ड के जरिए डीजल खरीदती हैं। इन कार्डों के संचालन की जिम्मेदारी कंपनी कर्मचारी फरहान अहमद खान को दी गई थी।
दो कार्डों से हुए संदिग्ध लेनदेन

शिकायत के मुताबिक, कंपनी की आंतरिक जांच में जनवरी 2024 से अक्टूबर 2025 के बीच जीएस एक्सप्रेस के फ्लीट कार्ड से करीब 90.34 लाख रुपये और एबको इंफ्रास्ट्रक्चर्स के कार्ड से करीब 13.20 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन सामने आए। आरोप है कि फरहान ने मां सरस्वती सर्विस स्टेशन, एसएसआर फिलिंग स्टेशन, श्री फिलिंग स्टेशन और तेजस फिलिंग स्टेशन पर फ्लीट कार्ड से डीजल की एंट्री कराई और इसके बदले नकदी ली। कंपनी का दावा है कि जांच के दौरान फरहान ने फ्लीट कार्ड के दुरुपयोग की बात स्वीकार की।

पत्नी को नकदी देने का आरोप

शिकायत में आईआईएम रोड स्थित सरस्वती फिलिंग स्टेशन के कुछ कर्मचारियों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि वहां फरहान की पत्नी को डीजल के बदले नकदी दी गई, जिसे बाद में फरहान तक पहुंचाया गया। शिकायत में पंप प्रबंधक हरिशंकर पांडेय और आईओसीएल के फील्ड अधिकारी विपुल प्रसाद की भूमिका की भी जांच की मांग की गई है। पुलिस ने फरहान, उसकी पत्नी, हरिशंकर पांडेय, विपुल प्रसाद, अंकुल कौशल, सुनील सिंह समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फ्लीट कार्ड के लेनदेन, पेट्रोल पंप के रिकॉर्ड और कथित खरीदारी से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।