स्टूडेंट्स को एडमिट कार्ड नहीं देने पर कैंपस के बाहर हंगामा

नवभारतटाइम्स.कॉम•
protest by students at ishan institute over withheld admit cards lawyers block road
n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

नॉलेज पार्क कोतवाली एरिया के ईशान इंस्टिट्यूट में मंगलवार को बीएएमएस थर्ड ईयर के छात्रों ने प्रबंधन पर परीक्षा के समय एडमिट कार्ड न देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। छात्रों के समर्थन में पहुंचे वकीलों ने कॉलेज के गेट पर बैरिकेड और कार खड़ी करके जाम लगा दिया। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन और छात्रों के बीच बातची हुई, जिसमें 10 छात्रों को परीक्षा देने की अनुमति दी गई। इस मामले में ईशान इंस्टिट्यूट प्रबंधन का कहना है कि बीएएमएस दूसरे वर्ष के कुछ छात्रों की कक्षा में उपस्थिति कम होने के कारण यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एडमिट कार्ड रोके गए थे। छात्रों के हंगामे के बाद कुछ बच्चों के कार्ड यूनिवर्सिटी प्रशासन से पुलिस द्वारा संपर्क करके जारी कराए हैं।
छात्रों ने बताया कि कैंपस में मोटी फीस लेने के बाद भी छात्रों की समस्या के बारे में कोई सुनवाई नहीं की जाती। आरोप है कि कैंपस में बीएएमएस के छात्र-छात्राओं की अटेंडेंस 70 प्रतिशत से कम थी। प्रबंधन ने अटेंडेंस कम होने की वजह से यूनिवर्सिटी के नियमों का हवाला देते हुए परीक्षा में नहीं बैठने दिया। उनके एडमिट कार्ड भी नहीं दिए। छात्रों का आरोप है कि कई छात्रों के 70 प्रतिशत से कम अटेंडेंस थी, उन्हें प्रबंधन पहले ही एडमिट कार्ड दे दिए, जिनमें से करीब 14 छात्रों को एडमिट कार्ड नहीं दिए गए। एक छात्रा को बच्चा हुआ था, जबकि अन्य ने समय-समय पर छुट्टी के लिए अपनी समस्या बताते हुए अप्लीकेशन दी थी। उसके बाद भी संस्थान ने उन्हें परीक्षा देने से रोक दिया। उन्होंने बताया कि प्रबंधन ने कॉलेज के गेट पर ताला लगाकर छात्रों को बाहर जाने से भी रोका, जिस वजह से कई छात्राओं के रोते हुए विडियो और ताला तोड़ते हुए विडियो वायरल हो रही है। उधर, इस मामले में जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार असोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उमेश भाटी के नेतृत्व में काफी संख्या में अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए।