n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : भारत में शेल कंपनियों के जरिए हवाला नेटवर्क चलाकर भारतीय मुद्रा विदेश भेजने के आरोप में एसटीएफ ने मंगलवार को राजस्थान निवासी गणपत लाल राजपुरोहित को दिल्ली के करोल बाग से गिरफ्तार किया।
एसटीएफ चीनी नागरिक Liao Longhui और सहयोगियों से जुड़े मामले में जांचरत है। फेस-2, गौतमबुद्धनगर में दर्ज मुकदमे की विवेचना में गणपत की भूमिका सामने आई। आरोप है कि वह हवाला नेटवर्क से भारतीय रुपये चीन भेजने में सक्रिय था। उसके कब्जे से 8.20 लाख रुपये नकद, अमेरिकी डॉलर, थाई मुद्रा, चीनी युआन, पासपोर्ट, आधार, क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, बैंकिंग दस्तावेज और अभिलेख बरामद हुए। जांच में पता चला कि शेल कंपनियों और अंडर इनवॉयसिंग के जरिए धन जुटाकर विदेश भेजा जाता था। पूछताछ में गणपत ने बताया कि वह दिल्ली में मोबाइल कारोबार से जुड़ा था और तब चीनी नागरिकों के संपर्क में आया। एसटीएफ के अनुसार दिसंबर 2025 से जुलाई 2026 तक उसकी मदद से 11 करोड़ से अधिक चीन भेजे गए।