Lakhanpuri Utsav Lucknows Mythological And Historical Glory History Linked To Lord Lakshman
‘लक्ष्मण जी का इतिहास संजोए है लखनऊ’
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज,लखनऊ : विदुषी सीता मिश्रा सेवा न्यास व अन्य संस्थाओं के सहयोग से मंगलवार को गोमती नगर स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान में ‘ लखनपुरी उत्सव ’ आयोजित हुआ। ‘लखनपुरी-सांस्कृतिक गौरव’ विषयक परिचर्चा में विशेषज्ञों ने शहर के पौराणिक और ऐतिहासिक पक्षों पर मंथन किया।
शकुंतला मिश्रा विश्वविद्यालय के पूर्व डीन प्रो. एपी तिवारी ने कहा कि लखनऊ भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण के विराट इतिहास को संजोए है। चंद्रिका देवी, चौक काली जी और बुद्धेश्वर मंदिर आज भी रामायणकालीन धरोहर के जीवंत प्रमाण हैं। पूर्व राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सक्सेना ने इतिहास और वर्तमान को जोड़ते हुए कॉफी हाउस व चौक की ठंडाई को बौद्धिक विमर्श का केंद्र बताया। वरिष्ठ पत्रकार राजेश राय ने बदलते सांस्कृतिक स्वरूप पर बात रखी। आकाशवाणी लखनऊ की कार्यक्रम प्रमुख सुमोना पांडे, पूर्व अपर महाधिवक्ता ज्योति सिक्का और प्रो. अनीता वाजपेई ने भी विचार रखे। संचालन प्रणव अग्निहोत्री ने किया।दूसरे सत्र में गायक चंद्रेश पांडे ने ‘हमें निज धर्म पर चलना...’ और सरला गुप्ता ने ‘वृंदावन की कुंज गली में...’ भजन गाया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष के सलाहकार श्रीधर अग्निहोत्री मौजूद रहे।