Accused Of Molesting Mother daughter And Vandalizing Car Arrested Nabbed From Delhi
मां-बेटी से बदसलूकी, रॉड से कार में तोड़फोड़ का आरोपी गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
गोल्फ कोर्स रोड पर एआईटी चौक के पास मां-बेटी की कार में टक्कर मारने के बाद रॉड से गाड़ी में तोड़फोड़ करने और अभद्रता के मामले में सेक्टर-56 थाना पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दिल्ली के आया नगर निवासी स्वयं शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को 24 सितंबर को हिरासत में लिया गया था, लेकिन डेंगू होने के कारण उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मंगलवार को उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की गई।सेक्टर-55 निवासी पूजा ने पुलिस को बताया था कि 27 अगस्त को वह अपनी कार से सेक्टर-54 मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थीं। एआईटी चौक के पास पहुंचने पर काले रंग की स्कार्पियो-एन ने उनकी कार में साइड से टक्कर मार दी। आरोप है कि कार सवार मां-बेटी ने इसका विरोध किया तो स्कार्पियो चालक ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर उनका रास्ता रोक दिया। आरोप है कि चालक कार से लोहे की रॉड लेकर बाहर आया और दोनों के साथ अभद्रता की। उसने रॉड से स्विफ्ट कार की हेडलाइट भी तोड़ दी और मौके से फरार हो गया था। पीड़िता का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने करीब 25 दिन तक FIR दर्ज नहीं की। मामले में पुलिस पर सवाल उठने के बाद पुलिस कमिश्नर शिबास कविराज ने कड़ा संज्ञान लिया।