Bjps Bet On Teacher And Employee Leaders Announcement Of Candidates For Remaining Legislative Council Seats
भाजपा का शिक्षक और कर्मचारी नेताओं पर दांव
Contributed by: deep.singh|नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : भाजपा ने विधान परिषद की बची हुई छह और सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। इस लिस्ट में पार्टी ने शिक्षक और कर्मचारी संगठनों के मजबूत नेताओं पर दांव लगाया है। विधान परिषद में शिक्षक दल के नेता ध्रुव कुमार त्रिपाठी को गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट पर प्रत्याशी बनाया है। वहीं, आगरा शिक्षक सीट पर कर्मचारी नेता हरिकिशोर तिवारी को मैदान में उतारा है।
यहां पहले से प्रत्याशी घोषित : विधान परिषद की 11 सीटों में से छह शिक्षक और पांच स्नातक सीटों पर चुनाव होना है। इनमें से पांच सीटों पर भाजपा मई में ही प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। लखनऊ-सीतापुर स्नातक सीट से अवनीश कुमार सिंह, आगरा स्नातक सीट से डॉ. मानवेंद्र सिंह, बरेली-मुरादाबाद से हरि सिंह ढिल्लो, लखनऊ-सीतापुर शिक्षक सीट से उमेश द्विवेदी और मेरठ-सहारनपुर शिक्षक सीट से श्रीचंद शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। ये सभी वर्तमान एमएलसी हैं।शिक्षक-कर्मचारी नेता : गोरखपुर-फैजाबाद सीट से प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी विधान परिषद में शिक्षक दल के नेता हैं। वह पिछली बार माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट से चुनाव जीते थे। तब भी भाजपा ने उनको समर्थन दिया था। इस बार भाजपा ने उन्हें अपने टिकट पद उतारा है। इंजिनियर हरिकिशोर तिवारी आगरा शिक्षक सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। वह लंबे समय से कर्मचारियों की राजनीति कर रहे हैं। वर्तमान में वह राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हैं।
शर्मा गुट के प्रत्याशी और कार्यकारी अध्यक्ष को टिकट : सबसे रोचक मामला वाराणसी में सामने आया है। इस बार माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट ने डॉ. प्रमोद मिश्रा को शिक्षक सीट पर प्रत्याशी बनाया था। वह बतौर शर्मा गुट प्रत्याशी प्रचार भी कर रहे थे। अब भाजपा ने उनको अपना प्रत्याशी बना दिया है। वह शर्मा गुट के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। वहीं, इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट पर वित्त विहीन शिक्षक सभा के पूर्व अध्यक्ष अशोक कुमार राठौर को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है।
यहां अपनों पर भरोसा : वाराणसी स्नातक सीट पर भाजपा ने केदारनाथ सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वह भाजपा से तीन बार एमएलसी रह चुके हैं। पिछली बार हार गए थे। मेरठ स्नातक सीट पर भी भाजपा ने अपने ही वर्तमान एमएलसी दिनेश गोयल पर फिर से विश्वास जताया है।
पांच ब्राह्मण प्रत्याशी : भाजपा ने जो टिकट दिए हैं उनमें सबसे ज्यादा पांच ब्राह्मण और दो क्षत्रिय प्रत्याशी हैं। इसके अलावा दो वैश्य और दो ओबीसी प्रत्याशियों पर दांव लगाया है।