Congress Preparing For All 403 Seats In Up Rajendra Pal Gautam Speaks On Alliance With Sp
यूपी में सभी सीटों पर तैयारी कर रही कांग्रेस
नवभारतटाइम्स.कॉम•
यूपी कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने सभी 403 सीटों पर तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी अक्टूबर तक SP के साथ सीट बंटवारे की बातचीत पूरी करना चाहती है। हेमंत राजौरा से बातचीत के अंश :
n 2017 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने SP के साथ गठबंधन में 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था। 2027 के लिए पार्टी की न्यूनतम अपेक्षा क्या है?इस बार हमारी अपेक्षा पहले से ज्यादा सीटों की है। 2024 के लोकसभा चुनाव में SP को जो सफलता मिली, उसमें राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' और 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' की भी भूमिका रही है। I.N.D.I.A. गठबंधन की सफलता में कांग्रेस का योगदान है। हमें अपनी राजनीतिक ताकत का पता है, लेकिन गठबंधन को संभालने की जिम्मेदारी कांग्रेस अपनी मानती है।
n SP के साथ गठबंधन होता है तो मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, कांग्रेस डिप्टी सीएम की मांग भी करेगी?
मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस मुख्यमंत्री पद का दावा नहीं कर रही है। अगर SP के साथ गठबंधन होता है तो अखिलेश यादव मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। पद से ज्यादा हमारी प्राथमिकता BJP को हराना है। मेरी कोशिश है कि अक्टूबर तक सीट शेयरिंग की बातचीत पूरी कर ली जाए।
n कांग्रेस की कितनी सीटों पर तैयारी है?
हम सभी 403 सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। इसकी वजह यह है कि जिन सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी, वहां तो संगठन की जरूरत होगी ही, लेकिन जिन सीटों पर हमारा सहयोगी दल चुनाव लड़ेगा, वहां भी हमें उसे जिताने के लिए काम करना होगा। अभी यह तय नहीं है कि कौन-सी सीट किसके हिस्से में आएगी।
n उम्मीदवारों के चयन को लेकर कांग्रेस ने कितना होमवर्क पूरा कर लिया है?
काफी काम हो चुका है। हमने सभी 403 सीटों को ए, बी और सी, तीन श्रेणियों में बांटा है। ए श्रेणी में वे सीटें हैं, जिन पर कांग्रेस का मजबूत दावा होगा। इन सीटों के लिए हमारे पास आधार और कारण भी हैं। हालांकि, गठबंधन की जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए अभी इनका पूरा ब्योरा सार्वजनिक नहीं कर सकता।
n चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के दल भी चुनावी मैदान में हैं। क्या उन्हें गठबंधन में शामिल करने की संभावना है?
हमारा उद्देश्य देश, संविधान और लोकतंत्र को बचाना है। जो दल इन मुद्दों को प्राथमिकता देते हैं और जिनके लिए एक-दो सीटों से ज्यादा महत्वपूर्ण देश है, उनका हम स्वागत करेंगे। हालांकि किसी भी दल की विश्वसनीयता की जांच जरूरी है। कुछ छोटे दलों के बारे में हमें जानकारी मिली है कि वे BJP के इशारे पर काम कर रहे हैं।
n आप मायावती से मिलने भी गए थे। क्या कांग्रेस अब भी बसपा को विपक्षी गठबंधन में शामिल करने की संभावना देख रही है?
राजनीति में कभी भी कुछ भी हो सकता है। मायावती जी के बारे में मैं कोई टिप्पणी नहीं कर सकता। यह फैसला उन्हें करना है।
n क्या कांग्रेस का लक्ष्य सिर्फ गठबंधन के तहत सीटें जीतना है या भविष्य में यूपी में अपने दम पर चुनाव लड़ने की स्थिति भी बनाना है?
BJP से मुकाबला कांग्रेस ही कर सकती है। राहुल गांधी के अलावा कोई दूसरा नेता नहीं है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के सामने मजबूती से अपनी बात रख सके। SP भी कांग्रेस के साथ रहकर ही BJP का मुकाबला कर सकती है।