Employees Suspicious Death In Private Hospital Family Alleges Serious Accusations
निजी अस्पताल कर्मी की संदिग्ध हालात में मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, लखनऊ
ठाकुरगंज के भूहर इलाके में स्थित एवन अस्पताल के कर्मी सूरज (22) की सोमवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिवारीजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने उन्हें सूचना दिए बिना ट्रॉमा सेंटर में सूरज का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा दिया। मामला संदिग्ध लगने पर चिकित्सकों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिवार ने पूरे मामले की जांच की मांग की है।फर्जी प्रमाणपत्र में फोन नंबर भी फर्जी
हरदोई के माधवगंज निवासी बलराम का बेटा सूरज एवन अस्पताल में कर्मी था। वह अस्पताल परिसर में ही रहता था। उसके भाई करन के मुताबिक, सोमवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रशासन उसे ट्रॉमा सेंटर ले गया। वहां चिकित्सकों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। करन का आरोप है कि अस्पताल कर्मियों ने परिवार को सूचना देने के बजाय उनकी जानकारी के बिना मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा दिया। प्रमाणपत्र में दर्ज मोबाइल नंबर भी कथित तौर पर फर्जी है। परिवार के मुताबिक, उस नंबर पर फोन करने पर रिसीव करने वाले व्यक्ति ने घटना की जानकारी से इनकार कर दिया। परिवार का दावा है कि सूरज की मौत के चार घंटे बाद उन्हें घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद परिवारीजन लखनऊ पहुंचे। उनका आरोप है कि पुलिस के पहुंचने से पहले अस्पताल से जुड़े लोग शव छोड़कर चले गए। चिकित्सकों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
ठाकुरगंज पुलिस के मुताबिक, परिवारीजनों ने दुबग्गा थाने में तहरीर दी है, जबकि घटना भूहर क्षेत्र की है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों और मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है।