Minister Rajesh Nagar Reviewed Paddy Procurement At Ballabgarh Mandi Instructed To Provide Facilities To Farmers
बल्लभगढ़ मंडी पहुंचे मंत्री राजेश नागर, धान खरीद व्यवस्था का लिया जायजा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, बल्लभगढ़
केंद्र से अनुमति मिलने के बाद मंगलवार से राज्य में धान की खरीद शुरू हो गई है। खरीद के पहले ही दिन राज्य के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने बल्लभगढ़ अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में फसल की आवक, खरीद, रखरखाव और धान के उठान की व्यवस्था का जायजा लिया।मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले किसानों को कोई असुविधा न हो और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व व्यवस्थित रहे। उन्होंने कहा कि किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मंत्री नागर ने पीने के पानी, शौचालय, साफ-सफाई, बैठने के इंतजाम और अटल कैंटीन की बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अटल कैंटीन में गुणवत्तापूर्ण भोजन और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजेश नागर ने मंडी में मौजूद किसानों और आढ़तियों से सीधा संवाद कर फीडबैक लिया तथा अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल समाधान के आदेश दिए। उन्होंने दोहराया कि फसल खरीद से लेकर भुगतान और उठान का काम समयबद्ध होना चाहिए।