Union Minister Expresses Displeasure Over Water Supply Once In 7 Days In Nit Scolds Officials
NIT में 7 दिन में एक बार दे रहे पानी, लगाई फटकार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट डिवेलपमेंट को-ऑर्डिनेशन एंड मॉनिटरिंग कमिटी (दिशा) की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने की। बैठक में एनआईटी विधायक सतीश फागना ने अपने विधानसभा क्षेत्र में सात दिन में एक बार पानी मिलने का मुद्दा उठाया। इस पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने अधिकारियों से जवाब मांगा और सभी विधानसभा क्षेत्रों में आबादी के अनुपात में रोजाना होने वाली पेयजल आपूर्ति का पूरा डेटा चार दिन में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट हो सकेगा कि किस विधानसभा क्षेत्र में आबादी के हिसाब से कितनी पानी की आपूर्ति हो रही है। बैठक में एनआईटी में करीब 250 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना के काम की धीमी रफ्तार का मुद्दा भी उठा। गुर्जर ने रेनीवेल की लाइन नंबर-1 और 2 से एनआईटी में आने वाले पानी के लिए बूस्टर तैयार करने के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।अतिक्रमण हटाने के निर्देश
केंद्रीय राज्यमंत्री ने ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र में सड़क, स्ट्रीट लाइट, पेयजल, सीवरेज और अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं की भी समीक्षा की। उन्होंने मुख्य मार्गों और सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत सेक्टर-28 में चल रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों, फुटपाथ, मैनहोल, ग्रिल और स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त सार्वजनिक सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुसार बहाल किया जाए।