पश्चिम बंगाल: बारुईपुर हिंसा में माकपा नेता लहेक अली गिरफ्तार, मंत्री दिलीप घोष ने की सख्त कार्रवाई की बात
पश्चिम बंगाल: बारुईपुर हिंसा में माकपा नेता लहेक अली गिरफ्तार, मंत्री दिलीप घोष ने की सख्त कार्रवाई की बात
NewsPoint•
कोलकाता, 13 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में एक नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के बाद भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने माकपा नेता लहेक अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस का आरोप है कि उन्होंने हिंसा भड़काने में अहम भूमिका निभाई। इस बीच, मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी और हिंसा फैलाने व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री दिलीप घोष ने सोमवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि बारुईपुर की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार ने इस मामले में बहुत सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने इस मौके का फायदा उठाकर अशांति फैलाई और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, उन्हें भी कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।मंत्री दिलीप घोष ने केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर भी बात की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार गांवों में लोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए कई योजनाएं चलाती है। लेकिन, पश्चिम बंगाल की पिछली सरकार ने इनमें से कई योजनाओं को ठीक से लागू नहीं होने दिया। इस वजह से आम जनता इन योजनाओं के फायदों से वंचित रह गई। उन्होंने कहा कि अलग-अलग योजनाओं के लिए आवंटित हजारों करोड़ रुपये अटके पड़े थे। अब सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि लोगों को इन योजनाओं का पूरा लाभ मिले।
टीएसी सांसद अभिषेक बनर्जी की 'सेवाश्रय' पहल पर मंत्री दिलीप घोष ने गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 'सेवाश्रय' के नाम पर गलत काम हुए, जिससे लोगों की जान खतरे में पड़ गई। गलत इलाज के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने बताया कि जूनियर डॉक्टरों से लेकर अन्य स्तरों पर भी गलत इलाज के मामले सामने आए हैं। मंत्री ने सलाह दी कि प्रभावित लोगों को कानूनी रास्ता अपनाना चाहिए और सरकार उनकी मदद करेगी।
मध्य पूर्व की मौजूदा स्थिति पर बात करते हुए मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि वहां सरकारें तो हैं, लेकिन कुछ आतंकवादी समूह इलाके में अपनी पकड़ बनाए हुए हैं और संघर्ष का फायदा उठा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत सरकार और भारतीय नौसेना ऐसी किसी भी स्थिति से निपटने में पूरी तरह सक्षम हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पहले भी जब अफ्रीका के तट पर ऐसी ही घटना हुई थी, तो भारतीय नौसेना ने तुरंत कार्रवाई की थी और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया था। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कोई ऐसी गलती करता है, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।