ओम प्रकाश राजभर का दावा: सपा का पीडीए समीकरण कमजोर, मुस्लिम वोट बैंक बचाने की चुनौती

NewsPoint
Navbharat Times
लखनऊ, 28 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि सपा का पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण अब कमजोर पड़ रहा है और पार्टी अपने पारंपरिक मुस्लिम वोट बैंक को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है। राजभर ने कहा कि सपा की छवि अब गांव-गांव में कानून-व्यवस्था और माफिया संरक्षण से जुड़ी पार्टी की बन गई है।

मंत्री राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अखिलेश यादव को टैग करते हुए कहा कि आपको एनडीए से लड़ना है, लेकिन इस बार आपको 'आपके अपनों' से भी लड़ना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि यह बात आपको शायद यकीन न हो, पर यह सच है। राजभर ने बताया कि वे हमेशा ज़मीनी हकीकत से जुड़े रहते हैं और उसी के आधार पर यह रिपोर्ट दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए समीकरण अब अखिलेश के हाथ से निकल चुका है और अब तो हालत यह है कि उन्हें एमवाई (मुस्लिम-यादव) का गठजोड़ बचाने की चिंता सता रही है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी का 'पंजा' यानी कांग्रेस, अब सपा के 'एम' यानी मुस्लिम वोट बैंक पर झपट्टा मारना शुरू कर चुकी है। उन्होंने यह भी इशारा किया कि ओवैसी भी सपा के मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
राजभर ने कहा कि गांव-गांव में सपा की पहचान गुंडों और माफिया वाली पार्टी की बन गई है, और यह बात सौ प्रतिशत सच है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सपा सत्ता में आती है तो 'जंगलराज' का पूरा पैकेज लेकर आती है। गैर-यादव पिछड़ों और बहुजनों पर खुलेआम अत्याचार होते हैं। सपा के गुंडे बेटियों को सरेआम छेड़ते हैं। थाने और तहसीलें सपा के दफ्तर बन जाती हैं। हर विभाग और हर जिले में एक-एक माफिया को पाला जाता है। उन्होंने कहा कि सपा अपराध का एक पूरा 'सैफई सिंडिकेट' चलाती है।

मंत्री राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव और उनके स्वजातीय गुंडों की इसी बदतमीज़ी से परेशान होकर अब मुसलमान भी सपा से दूर होने लगा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के गांवों-गांवों में सपा की बदबू फैल चुकी है। राजभर को अब पूरा भरोसा है कि 2027 में सपा मुख्य विपक्षी दल बनने लायक भी नहीं बचेगी।

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह दी कि वे ज़मीन पर आएं, थोड़ी मेहनत करें और अपने 'अपनों' से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि भले ही अखिलेश उन्हें अपना न मानें, लेकिन वे उन्हें अपने वाली सही सलाह दे रहे हैं ताकि अगले साल उन्हें एक अच्छा विपक्ष मिल सके। राजभर ने कहा कि उनका काम मित्रों को सही सलाह देना है, और वे वही कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश से कहा कि वे खुद समझदार हैं और ज़मीनी सच्चाई को समझ लें।