नोएडा: सेक्टर 119 की द अरण्य सोसायटी में 21वीं मंजिल पर फ्लैट में लगी भीषण आग, एसी फटने की आशंका
नोएडा: सेक्टर-119 की द अरण्य सोसायटी में 21वीं मंजिल पर फ्लैट में लगी भीषण आग, एसी फटने की आशंका
NewsPoint•
नोएडा के सेक्टर-119 में सोमवार सुबह एक हाई-राइज बिल्डिंग की 21वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में भीषण आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि समय रहते सभी निवासियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने का शुरुआती कारण एयर कंडीशनर (एसी) का फटना माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब 40-50 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
सोमवार सुबह नोएडा के सेक्टर-119 में स्थित द अरण्य सोसायटी में उस समय हड़कंप मच गया जब 21वीं मंजिल पर एक फ्लैट में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी भीषण थी कि लोग घबराकर तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह एयर कंडीशनर (एसी) के फटने को माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के असली कारणों का पता तो जांच के बाद ही चलेगा।जैसे ही आग लगने की खबर मिली, गौतमबुद्धनगर फायर सर्विस की कुल छह दमकल गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार भी खुद मौके पर पहुंचे और पूरे बचाव अभियान की कमान संभाली। स्थानीय सेक्टर-113 पुलिस भी वहां पहुंच गई थी। पुलिस ने सोसायटी के लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और भीड़ को नियंत्रित करने में फायर टीम की मदद की।
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग केवल 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट तक ही सीमित रही। दमकल कर्मियों ने बहुत मेहनत करके आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के फ्लैट में फंसे होने या किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं आई।
सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही छह दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया था। फायर टीम ने तुरंत दो हिस्सों में बंटकर बचाव कार्य शुरू किया। एक टीम ने बालकनी की तरफ से आग बुझाने का काम शुरू किया, जबकि दूसरी टीम फ्लैट के अंदर घुस गई। उन्होंने बताया कि आग संभवतः एयर कंडीशनर के फटने की वजह से लगी थी, लेकिन इसकी पक्की जानकारी जांच के बाद ही दी जा सकती है। करीब 40 से 50 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया। इस दौरान सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था और किसी भी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शी विक्रम सिंह ने बताया कि शुरुआत में लोगों को आग लगने का पता ही नहीं चला था। सोसायटी के स्टाफ ने बहुत फुर्ती दिखाते हुए सभी फ्लैटों के लोगों को तुरंत बाहर निकलने और सुरक्षित जगह पर जाने के लिए कहा। इसके बाद सोसायटी की समिति ने भी जरूरी इंतजाम किए और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने बताया कि फायर ब्रिगेड की टीम तो मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन शुरुआत में पानी को ऊपर तक पहुंचाने में थोड़ी दिक्कत आई। हालांकि, समिति द्वारा लगाए गए पानी के बड़े टैंकों और अन्य साधनों का इस्तेमाल करके आग बुझाने में मदद मिली। राहत की बात यही रही कि किसी की जान नहीं गई और सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए।
एक और प्रत्यक्षदर्शी प्रदीप कुमार ने बताया कि वह सातवीं मंजिल पर थे, तभी उन्हें अचानक एक तेज आवाज सुनाई दी और ऐसा लगा जैसे ऊपर से कोई चीज गिरी हो। पहले तो उन्हें लगा कि कोई भारी चीज गिरी है, लेकिन जब उन्होंने ऊपर देखा तो पूरा इलाका धुएं से भर गया था। इसके बाद नीचे से लोगों की आवाजें आने लगीं, जो सबको तुरंत बाहर निकलने के लिए कह रहे थे। स्थिति गंभीर होते देख लोग सीढ़ियों से सुरक्षित बाहर निकलने लगे।