अभिनेत्री संयुक्ता का जन्मदिन: कलारी, साधना और शांतिपूर्ण जश्न की योजना
अभिनेत्री संयुक्ता का जन्मदिन: कलारी, साधना और शांतिपूर्ण जश्न की योजना
NewsPoint•
मुंबई, 11 सितंबर। जानी-मानी अभिनेत्री संयुक्ता आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने बताया कि वह इस खास दिन को बेहद सादगी और अपनी पसंदीदा चीजों के साथ मनाएंगी। 'बिम्बिसार', 'भीमला नायक', 'वाथी' और 'विरुपाक्ष' जैसी कई हिट फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुकीं संयुक्ता ने बताया कि उन्होंने अपने जन्मदिन की शुरुआत सुबह-सुबह कलरी क्लास से की। उन्होंने कहा, “इस साल, मैं अपना जन्मदिन बहुत साधारण तरीके और अपने करीबियों के साथ मनाऊंगी। मैं अपनी कलारी क्लास के लिए जल्दी उठूंगी, उसके बाद साधना और पूजा करूंगी और शाम को भी अपना रूटीन जारी रखूंगी।”
अभिनेत्री ने इस बात पर जोर दिया कि उनके लिए जन्मदिन मनाने का मतलब बड़े-बड़े आयोजन करना नहीं है, बल्कि खुद के साथ समय बिताना और वे काम करना है जिनसे उन्हें सुकून और शांति मिलती है। उन्होंने कहा, “मैंने महसूस किया है कि मुझे अपनी खुद की दुनिया में रहना और वो चीजें करना बहुत पसंद है जिससे मुझे सुकून मिलता है। इसलिए बड़े-बड़े प्लान बनाने के बजाय, मैं इस दिन जमीन से जुड़े रहकर और हर पल को जीकर बिताना चाहती हूं। मेरे लिए इस साल अपना जन्मदिन मनाने का यही सबसे अच्छा तरीका है।”संयुक्ता मुख्य रूप से मलयालम और तेलुगु फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2016 में मलयालम फिल्म ‘पॉपकॉर्न’ से की थी। हालांकि, उन्हें असली पहचान 2018 की फिल्म ‘थीवंडी’ से मिली। उन्होंने मलयालम और तेलुगु सिनेमा में कई व्यावसायिक रूप से सफल फिल्मों में काम किया है। इनमें 'भीमला नायक' (2022), 'बिम्बिसार' (2022), 'वाथी' (2023) और 'विरुपाक्षा' (2023) जैसी फिल्में शामिल हैं। 'विरुपाक्षा' में अपने शानदार अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का संतोषम फिल्म अवॉर्ड भी मिला।
हाल ही में उन्हें राम अब्बाराजू द्वारा निर्देशित फिल्म 'नारी नारी नादुमा मुरारी' में देखा गया था। अब दर्शक उन्हें जल्द ही फिल्म ‘द ब्लैक गोल्ड’ में देखने के लिए उत्साहित हैं। इस फिल्म में संयुक्ता एक बिल्कुल नए और आक्रामक (रूथलेस) एक्शन अवतार में नजर आएंगी। उन्होंने इस फिल्म में बिना बॉडी डबल के खतरनाक एक्शन सीन किए हैं, जो उनकी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है। संयुक्ता के अलावा, फिल्म ‘द ब्लैक गोल्ड’ में मुरली शर्मा, राव रमेश, नास्सर और रामकी जैसे कई जाने-माने कलाकार भी नजर आएंगे। यह फिल्म उनके प्रशंसकों के लिए एक रोमांचक अनुभव साबित होने की उम्मीद है।