अभिनेत्री संयुक्ता का जन्मदिन: सादगी और आत्म शांति पर जोर, 'द ब्लैक गोल्ड' में एक्शन अवतार
अभिनेत्री संयुक्ता का जन्मदिन: सादगी और आत्म-शांति पर जोर, 'द ब्लैक गोल्ड' में एक्शन अवतार
NewsPoint•
मुंबई, 11 सितंबर (आईएएनएस)। जानी-मानी अभिनेत्री संयुक्ता अपना जन्मदिन 11 सितंबर को बहुत ही सादगी और अपने मनपसंद कामों के साथ मना रही हैं। बिम्बिसार, भीमला नायक, वाथी और विरुपाक्ष जैसी हिट फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुकीं संयुक्ता ने बताया कि उन्होंने अपने खास दिन की शुरुआत सुबह-सुबह कलरी क्लास से की। उन्होंने कहा, "इस साल, मैं अपना जन्मदिन बहुत साधारण तरीके और अपने करीबियों के साथ मनाऊंगी। मैं अपनी कलारी क्लास के लिए जल्दी उठूंगी, उसके बाद साधना और पूजा करूंगी और शाम को भी अपना रूटीन जारी रखूंगी।"
अभिनेत्री के लिए जन्मदिन का मतलब सिर्फ बड़े-बड़े आयोजन करना नहीं है, बल्कि यह खुद के साथ समय बिताने और उन गतिविधियों को करने का मौका है जिनसे उन्हें सुकून और शांति मिलती है। संयुक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि उन्हें अपनी दुनिया में रहना और वो काम करना पसंद है जिससे उन्हें खुशी मिलती है। इसलिए, बड़े प्लान बनाने के बजाय, वह इस दिन को जमीन से जुड़े रहकर और हर पल का आनंद लेते हुए बिताना चाहती हैं। उनके अनुसार, यही उनके लिए इस साल जन्मदिन मनाने का सबसे बेहतरीन तरीका है।संयुक्ता मुख्य रूप से मलयालम और तेलुगु फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2016 में मलयालम फिल्म 'पॉपकॉर्न' से की थी। हालांकि, उन्हें असली पहचान 2018 में आई फिल्म 'थीवंडी' से मिली। उन्होंने मलयालम और तेलुगु सिनेमा में कई सफल फिल्में दी हैं, जिनमें 'भीमला नायक' (2022), 'बिम्बिसार' (2022), 'वाथी' (2023) और 'विरुपाक्षा' (2023) जैसी फिल्में शामिल हैं। 'विरुपाक्षा' में उनके शानदार अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का संतोषम फिल्म अवॉर्ड भी मिला।
हाल ही में, अभिनेत्री को राम अब्बाराजू द्वारा निर्देशित फिल्म 'नारी नारी नादुमा मुरारी' में देखा गया था। अब वह जल्द ही फिल्म 'द ब्लैक गोल्ड' में नजर आएंगी। इस फिल्म में संयुक्ता एक बिल्कुल नए और आक्रामक एक्शन अवतार में दिखाई देंगी। उन्होंने इस फिल्म के लिए खतरनाक एक्शन सीन बिना किसी बॉडी डबल के खुद किए हैं, जो उनके समर्पण को दर्शाता है। 'द ब्लैक गोल्ड' में संयुक्ता के साथ-साथ मुरली शर्मा, राव रमेश, नास्सर और रामकी जैसे कई जाने-माने कलाकार भी हैं।