What To Eat During Periods Nutritional Diet Tips And Benefits For Women
पीरियड्स में क्या खाएं: महिलाओं के लिए पौष्टिक आहार के टिप्स
Others•
मासिक धर्म के दौरान महिलाओं को अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। पौष्टिक आहार से शरीर को ताकत मिलती है और दर्द कम होता है। फल, सब्जियां, अनाज और प्रोटीन युक्त चीजें शरीर में खून की कमी को पूरा करती हैं। पर्याप्त पानी पीना भी जरूरी है। जंक फूड से परहेज करें।
नई दिल्ली, 4 अप्रैल: मासिक धर्म यानी पीरियड्स के दौरान महिलाओं को अपने शरीर का खास ख्याल रखने की जरूरत होती है। इस दौरान होने वाले हार्मोनल बदलाव, खून की कमी और थकान से निपटने के लिए सही खान-पान बहुत जरूरी है। पौष्टिक आहार न केवल पेट और कमर दर्द, मूड स्विंग्स जैसी समस्याओं को कम करता है, बल्कि शरीर को अंदर से मजबूत भी बनाता है। नेशनल हेल्थ मिशन के अनुसार, पीरियड्स में होने वाले रक्तस्राव से आयरन की कमी हो सकती है, जिससे थकान, चक्कर और कमजोरी महसूस होती है। हार्मोनल बदलाव पेट में ऐंठन और सूजन का कारण बनते हैं। इसलिए, इन दिनों में सही पोषण शरीर में खून की कमी को पूरा करता है, एनर्जी बनाए रखता है और दर्द को कम करने में मदद करता है।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि पीरियड्स के मुश्किल दिनों को आसान बनाने के लिए पौष्टिक भोजन बहुत मददगार होता है। इस दौरान महिलाओं के शरीर से खून निकलता है, जिससे आयरन की कमी हो सकती है। नेशनल हेल्थ मिशन के अनुसार, "पीरियड्स के दौरान महिलाओं के शरीर से खून निकलता है, जिससे आयरन की कमी हो सकती है। इससे थकान, चक्कर आना और कमजोरी महसूस होती है।" साथ ही, हार्मोनल बदलावों के कारण पेट में ऐंठन और सूजन जैसी समस्याएं भी आम हैं। सही खान-पान से शरीर में खून की कमी को पूरा किया जा सकता है, एनर्जी लेवल बना रहता है और दर्द भी कम होता है।पीरियड्स के दौरान क्या खाना चाहिए, इस पर हेल्थ एक्सपर्ट्स की राय है कि फल और सब्जियां विटामिन और मिनरल्स का बेहतरीन स्रोत हैं। केला, संतरा, सेब, अनार, पपीता और कीवी जैसे फल खाएं। ये विटामिन सी और पोटेशियम से भरपूर होते हैं, जो थकान को दूर करते हैं और इम्युनिटी को बढ़ाते हैं। हरी सब्जियां जैसे पालक, मेथी, सरसों का साग और ब्रोकोली आयरन और फोलिक एसिड के अच्छे स्रोत हैं।
फाइबर युक्त अनाज जैसे ओट्स, दलिया, ब्राउन राइस और रागी पाचन को बेहतर बनाते हैं और कब्ज की समस्या को दूर रखते हैं। प्रोटीन से भरपूर चीजें जैसे दालें, छोले, राजमा, पनीर, अंडा और मेवे (बादाम, अखरोट) मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं और थकान कम करते हैं।
आयरन युक्त आहार लेना बहुत जरूरी है। पालक, चुकंदर, किशमिश, गुड़ और अनाज आयरन के अच्छे स्रोत हैं। पीरियड्स में खून जाने के कारण शरीर में आयरन की जरूरत बढ़ जाती है। विटामिन सी वाले फलों के साथ आयरन युक्त चीजें खाने से आयरन शरीर में बेहतर तरीके से अवशोषित होता है।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी बहुत जरूरी है। दिन भर में कम से कम 8-10 गिलास पानी पिएं। नारियल पानी, हर्बल टी और नींबू पानी शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और सूजन कम करने में मदद करते हैं।
कुछ अतिरिक्त सावधानियां भी बरतनी चाहिए। ज्यादा तला-भुना, जंक फूड, चाय-कॉफी और ज्यादा नमक वाले खाने से परहेज करें। गर्म दूध में हल्दी मिलाकर पीने से दर्द में राहत मिल सकती है। हल्का व्यायाम या योगासन भी दर्द कम करने में सहायक होते हैं।
पीरियड्स के दौरान सही पोषण न केवल शारीरिक आराम देता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य को भी बेहतर रखता है। अगर दर्द बहुत ज्यादा हो या रक्तस्राव असामान्य लगे, तो डॉक्टर से सलाह लेना बहुत जरूरी है।